राम-सुग्रीव की मित्रता से लंका दहन तक, अशोक विहार रामलीला में जीवंत हुए रामायण के प्रसंग
अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति के प्रभावशाली मंचन ने जीता दर्शकों का दिल, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने की शिरकत।

👆भाषा ऊपर से चेंज करें
अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-1 में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता, रावण के दरबार में अहंकारपूर्ण हुंकार, हनुमान जी द्वारा माता सीता की खोज तथा लंका दहन जैसे रोमांचक प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया।

इन दृश्यों ने रामलीला मैदान में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आधुनिक कंप्यूटर तकनीक और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से प्रस्तुत लंका दहन के दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
रामलीला कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नागपाल, प्रधान ललित गर्ग एवं महामंत्री राज अग्रवाल ने बताया कि रामलीला के दौरान अंगद-रावण संवाद, हनुमान जी की सीता खोज और लक्ष्मण शक्ति जैसे प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत कर दिया।

रावण का भव्य दरबार, उसकी सोने की लंका और लंका दहन के दृश्यों ने दर्शकों में विशेष उत्साह पैदा किया।
कमेटी के प्रेरक अशोक गुप्ता एवं चेयरमैन डॉ. एस.सी. गुप्ता ने कहा कि राम-सुग्रीव मित्रता के संवाद और रावण के अहंकार तथा घमंड को दर्शाने वाले प्रसंग बेहद रोचक रहे। रामलीला के माध्यम से दर्शकों को मित्रता, विश्वास, धर्म और अधर्म के बीच संघर्ष का संदेश भी दिया गया।
हनुमान जी ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रामलीला के दौरान हनुमान जी के पात्र के माध्यम से स्वच्छता ही सेवा तथा प्रदूषण मुक्त दिल्ली का संदेश दिया गया। हनुमान जी ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ सामाजिक जागरूकता का यह संदेश दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा रहे मुख्य अतिथि
अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-1 की ओर से आयोजित इस रामलीला में दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रामलीला के भव्य मंचन, कलाकारों के अभिनय और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल ने आयोजन को यादगार बनाया। रामायण के प्रसंगों के माध्यम से जहां दर्शकों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला, वहीं स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया गया।

Stay Updated with Dainik India 24×7!
Follow us for real-time updates:




