NDMC Flower Festival 2026: फाल्गुन में फूलों से सजी राजधानी, CM रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
सेल्फी पॉइंट, फ्लोरल स्ट्रक्चर और म्यूजिकल फाउंटेन बने मुख्य आकर्षण

👆भाषा ऊपर से चेंज करें
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) द्वारा सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस में आयोजित 4 दिवसीय पुष्प महोत्सव का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि और सचिव राहुल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एक समय था जब दिल्लीवासी ट्यूलिप देखने के लिए कश्मीर जाते थे, लेकिन अब एनडीएमसी हर साल राजधानी में ही ट्यूलिप की बहार लेकर आ रही है। उन्होंने कहा कि यह ट्यूलिप फेस्टिवल अब दिल्ली वालों के लिए “सेल्फी फेस्टिवल” बन गया है।

फाल्गुन में फूलों से सजी राजधानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि फाल्गुन माह में नई दिल्ली रंग-बिरंगे फूलों से गुलजार हो जाती है। एनडीएमसी के बागवानी विभाग की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हर माली की मेहनत से पूरा क्षेत्र खिल उठा है। उन्होंने अन्य विभागों से भी अपील की कि वे एनडीएमसी से सीख लेते हुए दिल्ली के हर इलाके को हरा-भरा और सुंदर बनाएं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और इसे सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि इसकी खूबसूरती देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक पहुंचे।
जी-20 और एआई समिट में भी बढ़ाई राजधानी की शान
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि चाहे जी-20 समिट हो या एआई समिट, बागवानी विभाग ने विदेशी मेहमानों के स्वागत में राजधानी की छवि को और निखारा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत @2047 विज़न के अनुरूप नई दिल्ली को अधिक हरित और सतत शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
15,500 गमलों में 48 प्रजातियों के फूल
यह पुष्प महोत्सव 18 सेक्शन में आयोजित किया गया है, जिसमें 15,500 से अधिक गमलों में 48 विभिन्न प्रजातियों के फूल प्रदर्शित किए गए हैं। मुख्य आकर्षण में शामिल हैं:
- डहलिया
- पेटुनिया
- पैंसी
- साल्विया
- मैरीगोल्ड
इसके अलावा पशु-पक्षियों के आकार की फ्लोरल डिजाइन, ट्रे गार्डन, टेरारियम, इकेबाना, ईस्टर्न और वेस्टर्न स्टाइल सजावट भी दर्शकों को आकर्षित कर रही है।
सेल्फी पॉइंट और म्यूजिकल फाउंटेन बने आकर्षण
सेंट्रल पार्क में पिरामिड, हार्ट शेप, कोनिकल और सिलेंड्रिकल फ्लोरल स्ट्रक्चर जैसे आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए गए हैं। शाम के समय रंगीन रोशनी के साथ म्यूजिकल फाउंटेन का विशेष आयोजन किया जाएगा।
बागवानी प्रेमियों के लिए खास स्टॉल

महोत्सव में नर्सरी प्लांट्स, बोनसाई, हाइड्रोपोनिक्स, कैक्टस-सक्यूलेंट, हर्बल प्लांट्स और गार्डनिंग मशीनरी के स्टॉल लगाए गए हैं। आगंतुक यहां से फूलों के बीज, गमले, फर्टिलाइजर और सजावट सामग्री भी खरीद सकते हैं।
6 मार्च 2026 तक एंट्री फ्री
एनडीएमसी पुष्प महोत्सव 3 से 6 मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खुला है और प्रवेश निःशुल्क है। फूल प्रेमी यहां प्रकृति की रंगीन छटा और खुशबू का आनंद ले सकते हैं।

Follow us for real-time updates:




