Lav Kush Ramlila 2026: लालकिला मैदान में विधि-विधान से हुआ भूमि पूजन
सांसदों और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ पूजन,

👆भाषा ऊपर से चेंज करें
नई दिल्ली। देश की प्रख्यात लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से आगामी रामलीला मंचन की तैयारियों का शुभारंभ भव्य भूमि पूजन समारोह के साथ किया गया। लालकिला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में वृंदावन, मथुरा और दिल्ली से आए विद्वान ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर कई सांसद, विधायक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष रामलीला का भव्य मंचन 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, दशहरा पर्व 20 अक्टूबर 2026 को धूमधाम से मनाया जाएगा। रामलीला को आधुनिक तकनीक और डिजिटल मंचन के साथ प्रस्तुत करने की तैयारियां की जा रही हैं।
सांसदों और विद्वान ब्राह्मणों ने किया भूमि पूजन

भूमि पूजन समारोह का शुभारंभ सांसद प्रवीण खंडेलवाल, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार की उपस्थिति में हुआ। वृंदावन, मथुरा और दिल्ली के विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि लव कुश रामलीला कमेटी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कमेटी न केवल प्रभु श्रीराम की लीला का मंचन करती है, बल्कि विभिन्न सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
घर-घर राम, घर-घर तुलसी अभियान के तहत बांटे जाएंगे 5100 पौधे
कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष ‘घर-घर राम, घर-घर तुलसी’ अभियान के तहत 5100 जेनरेशन Z (Gen Z) युवाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के अवसर पर एक लाख दीपों से प्रभु श्रीराम का चित्र तैयार किया जाएगा। यह आयोजन रामलीला के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।
हाईटेक डिजिटल मंचन, 100 देशी-विदेशी चैनलों पर लाइव प्रसारण
अर्जुन कुमार के अनुसार, इस वर्ष लव कुश रामलीला का मंचन हाईटेक डिजिटल तकनीक के साथ किया जाएगा। रामलीला का लगभग 100 देशी-विदेशी टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण किए जाने की योजना है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार बॉलीवुड के करीब 40 फिल्म कलाकार रामलीला मंचन में हिस्सा लेंगे। आधुनिक तकनीक, डिजिटल मंच सज्जा और कलाकारों की भागीदारी के माध्यम से दर्शकों को विशेष अनुभव प्रदान करने की तैयारी की जा रही है।
गणमान्य अतिथियों को किया गया सम्मानित
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि भूमि पूजन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। इनमें सांसद बांसुरी स्वराज, योगेंद्र चंदोलिया, प्रवीण खंडेलवाल और रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित विधायक अशोक गोयल देवरहा, अनिल शर्मा और विशेष रवि शामिल रहे।
कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रामनिवास गोयल, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी विरोधी मोर्चा के अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा, चांदनी चौक जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग, दिल्ली नगर निगम की उपमहापौर मोनिका पंत और स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा, विभिन्न निगम पार्षदों, पूर्व विधायकों, पूर्व महापौरों, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
भूमि पूजन समारोह के दौरान सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। धार्मिक वातावरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
समारोह में कमेटी के पदाधिकारी सत्यभूषण जैन, संदीप भूटानी, अंकुर गोयल, राजकुमार गुप्ता, गौरव सूरी, लोकेश बंसल, राजेश वर्मा, अनिल गुप्ता, अशोक कटारिया, विशाल गुप्ता, राजकुमार कश्यप, संजय वर्मा, मदन अग्रवाल, प्रवीण सिंघल, वीरू सिंधी, अतुल गुप्ता, मुकुल गुप्ता, संजय जैन, प्रशांत मलिक, दीनानाथ सोनकर, सुनील कुमार, निशांत गुप्ता और राजा पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-चंद्र मोहन शर्मा (लेखक वरिष्ठ फिल्म समीक्षक, पत्रकार हैं।)

Stay Updated with Dainik India 24×7!
Follow us for real-time updates:




