
👆भाषा ऊपर से चेंज करें
इंदौर, संवाददाता। शहर की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की प्रमुख संस्था इंदौर ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी स्पेशलिस्ट्स एसोसिएशन (IOGSA) की नई टीम ने महिला स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को अस्पतालों और क्लीनिकों से बाहर समुदाय तक पहुंचाने की दिशा में काम करने की प्राथमिकता तय की है। डॉ. जयश्री श्रीधर ने संस्था की अध्यक्ष और डॉ. दीपाली मित्तल ने सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली है।
नई कार्यकारिणी की प्राथमिकता में किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इसके तहत किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया की जांच एवं उपचार तथा महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर की समय पर जांच को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समुदाय तक पहुंचाने पर जोर

IOGSA की अध्यक्ष डॉ. जयश्री श्रीधर ने कहा कि महिला स्वास्थ्य को केवल अस्पतालों और क्लीनिकों तक सीमित रखकर बेहतर परिणाम हासिल नहीं किए जा सकते। संस्था का प्रयास रहेगा कि किशोरियों और महिलाओं तक सही एवं वैज्ञानिक स्वास्थ्य जानकारी सीधे समुदाय के माध्यम से पहुंचाई जाए।
उन्होंने कहा कि एनीमिया, मासिक धर्म स्वच्छता और सर्वाइकल व स्तन कैंसर की समय पर जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने से समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिल सकती है।
पेशेवर और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ जन-जागरूकता
IOGSA, फेडरेशन ऑफ ऑब्स्टेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसायटीज ऑफ इंडिया (FOGSI) की इंदौर इकाई है। नई टीम संस्था की पेशेवर और शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के साथ महिला स्वास्थ्य से जुड़े जन-जागरूकता कार्यक्रमों को भी विस्तार देगी।
नवदुर्गा के दौरान होगा पदस्थापना समारोह
संस्था की नई कार्यकारिणी का औपचारिक पदस्थापना समारोह नवदुर्गा के दौरान आयोजित किया जाएगा। समारोह में शहर के वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अन्य विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान नई टीम की आगामी गतिविधियों और महिला स्वास्थ्य को लेकर प्रस्तावित पहलों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

Stay Updated with Dainik India 24×7!
Follow us for real-time updates:




